पात्र डीपीआईआईटी स्टार्टअप अब ‘ट्रेड कनेक्ट’ मंच पर कर सकेंगे पंजीकरणः डीजीएफटी

Ads

पात्र डीपीआईआईटी स्टार्टअप अब 'ट्रेड कनेक्ट' मंच पर कर सकेंगे पंजीकरणः डीजीएफटी

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 08:17 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 08:17 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि डीपीआईआईटी से मान्यता-प्राप्त स्टार्टअप अब डिजिटल मंच ‘ट्रेड कनेक्ट’ की ‘सोर्स फ्रॉम इंडिया’ सुविधा के तहत पंजीकरण कर सकेंगे, जिससे उन्हें पोर्टल की सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इसे भारतीय निर्यातकों को समर्थन देने के लिए एक एकीकृत डिजिटल मंच के रूप में शुरू किया गया है। इस पर ‘सोर्स फ्रॉम इंडिया’ एक प्रमुख सुविधा है, जो अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए भारतीय निर्यातकों की तलाश का एक केंद्रीकृत मंच मुहैया कराती है।

इस सेवा के जरिये निर्यातक ‘ट्रेड कनेक्ट’ पोर्टल पर अपनी माइक्रोसाइट बना सकते हैं और अपने उत्पादों के साथ कंपनी की साख को भी प्रदर्शित कर सकते हैं।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक व्यापार सूचना में कहा कि स्टार्टअप निर्यातकों को इस सुविधा का लाभ देने के लिए पात्रता मानदंड में संशोधन किया गया है।

सूचना में कहा गया, “पात्रता शर्तों को पूरा करने वाले डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप को ‘ट्रेड कनेक्ट’ मंच के ‘सोर्स फ्रॉम इंडिया’ फीचर के तहत पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।”

सरकार के मुताबिक, यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है कि उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) से मान्यता-प्राप्त स्टार्टअप वैश्विक बाजारों में नवाचार आधारित, उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और सेवाओं के जरिये तेजी से योगदान दे रहे हैं।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय