एयर इंडिया मार्च से लंदन गैटविक हवाईअड्डे के लिए 12 साप्ताहिक उड़ानें शुरू करेगी

Ads

एयर इंडिया मार्च से लंदन गैटविक हवाईअड्डे के लिए 12 साप्ताहिक उड़ानें शुरू करेगी

  •  
  • Publish Date - January 12, 2023 / 07:28 PM IST,
    Updated On - January 12, 2023 / 07:28 PM IST

नयी दिल्ली, 12 जनवरी (भाषा) टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनी एयर इंडिया मार्च से लंदन गैटविक हवाई अड्डे के लिए 12 साप्ताहिक उड़ानें और लंदन हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए अतिरिक्त सेवाएं शुरू करेगी।

कंपनी अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में नयी उड़ानें संचालित कर रही है।

एयर इंडिया ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि ब्रिटेन के लिए नयी और अतिरिक्त उड़ानें 26 मार्च से शुरू होंगी।

बयान में कहा गया है, ”एयर इंडिया एकमात्र अनुसूचित एयरलाइन है जो ब्रिटेन में दूसरे सबसे बड़े हवाई अड्डे के लिए सीधे उड़ान संचालित करती है। यह गैटविक के लिए अमृतसर, अहमदाबाद, गोवा और कोच्चि जैसे स्थानों से तीन साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी।”

इसके अलावा, एयर इंडिया, लंदन हीथ्रो हवाई अड्डे पर पांच साप्ताहिक फेरे जोड़ेगी।

बयान के अनुसार, वर्तमान में एयरलाइन की दिल्ली से 14 और मुंबई से 12 साप्ताहिक उड़ानें संचालित होती है। इसे बढ़ाकर क्रमश: 17 और 14 कर दिया जाएगा।

एयर इंडिया हर सप्ताह अमृतसर और दिल्ली से ब्रिटेन में बर्मिंघम के लिए भी तीन उड़ानें संचालित करती है।

वर्तमान में, एयरलाइन की ब्रिटेन के लिए 32 साप्ताहिक उड़ानें हैं।

भाषा रिया पाण्डेय

पाण्डेय