एयर इंडिया कुछ ड्रीमलाइनर विमानों में कर रही सुधार

Ads

एयर इंडिया कुछ ड्रीमलाइनर विमानों में कर रही सुधार

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 04:46 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 04:46 PM IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) एयर इंडिया अपने कुछ बोइंग 787 विमानों में ‘डोर असिस्ट हैंडल’ से जुड़ी संभावित समस्या को दूर करने के लिए इनमें सुधार कर रही है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने इस मुद्दे पर उड़ान पात्रता निर्देश जारी किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एफएए ने इस महीने की शुरुआत में बोइंग 787-8, 787-9 और 787-10 के कुछ मॉडल के लिए यह निर्देश लिए थे।

यह निर्देश उड़ान रवाना होने से पहले की गई जांच के दौरान विमान के दरवाजे के सपोर्ट ब्रैकेट में लगे डोर असिस्ट हैंडल के निचले हिस्से से ढीला होने की शिकायतें सामने आने के बाद लिए गए हैं।

नियामक ने एयरलाइन से इन मॉडल में आवश्यक सुधार करने को कहा है, क्योंकि हैंडल के अलग होने से दरवाजा खोलते समय यात्रियों, चालक दल या रखरखाव कर्मियों को चोट लगने का खतरा हो सकता है।

एयर इंडिया के पास वर्तमान में 35 ड्रीमलाइनर विमान हैं।

एक सूत्र ने बताया कि एयरलाइन एफएए के निर्देश से अवगत है और इसका मौजूदा उड़ान संचालन या सुरक्षा पहलुओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। निर्देश के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं और कुछ पुराने विमानों में यह काम पूरा भी किया जा चुका है।

हालांकि, कितने ड्रीमलाइनर विमानों में संशोधन की आवश्यकता है, इसका ब्योरा फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सका है। इस संबंध में एयर इंडिया और बोइंग की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

भाषा यासिर अजय

अजय