निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड चार करोड़ से अधिक फोलियो के साथ म्यूचुअल फंड उद्योग में शीर्ष पर

Ads

निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड चार करोड़ से अधिक फोलियो के साथ म्यूचुअल फंड उद्योग में शीर्ष पर

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 03:47 PM IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड देश की पहली परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी (एएमसी) बन गई है, जिसके फोलियो की संख्या चार करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है।

उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली कंपनी है।

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार, जून के अंत तक म्यूचुअल फंड उद्योग में कुल 27.86 करोड़ फोलियो थे। इनमें निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड की हिस्सेदारी 14.4 प्रतिशत यानी 4.02 करोड़ फोलियो रही।

निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड ने बताया कि उसके पास उद्योग का सबसे बड़ा व्यक्तिगत निवेशक आधार भी है।

कंपनी के अनुसार, उसके 2.41 करोड़ विशिष्ट निवेशक हैं, जो उद्योग के कुल 6.19 करोड़ विशिष्ट निवेशकों का 39 प्रतिशत है।

निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संदीप सिक्का ने कहा, ‘‘चार करोड़ निवेशकों के भरोसे और भारत के विशिष्ट निवेशक आधार में 39 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना हमारे लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि लाखों खुदरा निवेशकों के लिए धन सृजन की हमारी यात्रा को दर्शाती है।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी घरेलू बचत को भारतीय पूंजी बाजारों में पहुंचाने के साथ-साथ जापानी निवेशकों की भारत की वृद्धि यात्रा में भागीदारी को भी बढ़ावा दे रही है।

अन्य प्रमुख कंपनियों में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के पास 3.18 करोड़ फोलियो हैं, जबकि एचडीएफसी म्यूचुअल फंड के 3.11 करोड़, एसबीआई म्यूचुअल फंड के 2.24 करोड़ और यूटीआई म्यूचुअल फंड के 1.42 करोड़ फोलियो हैं।

भाषा योगेश अजय

अजय