एअर इंडिया के निदेशक मंडल की सात मई को बैठक, लागत कटौती और नए प्रमुख के चयन पर चर्चा संभव

Ads

एअर इंडिया के निदेशक मंडल की सात मई को बैठक, लागत कटौती और नए प्रमुख के चयन पर चर्चा संभव

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 06:50 PM IST

नयी दिल्ली/मुंबई, तीन मई (भाषा) भारी घाटे और वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रही टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया का निदेशक मंडल सात मई को होने वाली बैठक में लागत घटाने के उपाय, नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के चयन, वित्तीय स्थिति और अन्य मुद्दों पर चर्चा कर सकता है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, कंपनी को मार्च 2026 में समाप्त वित्त वर्ष में 22,000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा होने का अनुमान है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कंपनी के समक्ष चुनौतियां और बढ़ गई हैं।

सूत्रों ने बताया कि टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन की अध्यक्षता में निदेशक मंडल की बैठक सात मई को मुंबई में होगी। इसमें लागत घटाने के उपाय, वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय नतीजे और नए सीईओ की नियुक्ति से जुड़े मुद्दों पर विचार किए जाने की उम्मीद है।

टाटा संस और एअर इंडिया ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।

तेजी से बढ़ती विमान ईंधन कीमतों के बीच लागत घटाने के कड़े उपायों के तहत एअर इंडिया टिकट से भोजन और व्यवसाय श्रेणी के यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष सुविधा को अलग करने के विकल्प पर विचार कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच लागत में कटौती के कड़े उपायों के तहत, एअर इंडिया अब हवाई टिकट से भोजन की सुविधा को अलग करने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही, बिजनेस क्लास के यात्रियों के लिए ‘लाउंज एक्सेस’ की सुविधा को भी वैकल्पिक बनाने पर मंथन किया जा रहा है।

सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया कि ये उपाय अभी केवल विचाराधीन हैं और इन्हें लागू करने पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र में लगी पाबंदियों के कारण एयरलाइन को कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए लंबा मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे ईंधन की खपत बढ़ रही है।

सूत्रों के अनुसार, निदेशक मंडल की बैठक में नए सीईओ के चयन पर भी चर्चा होने की संभावना है। एयरलाइन में सिंगापुर एयरलाइंस की 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

भाषा योगेश नेत्रपाल

नेत्रपाल

नेत्रपाल