सभी तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट

Ads

सभी तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट

  •  
  • Publish Date - September 5, 2023 / 09:23 PM IST,
    Updated On - September 5, 2023 / 09:23 PM IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) वैश्विक स्तर पर गिरावट के रुख के बीच खाद्य तेल आयातकों द्वारा बंदरगाहों पर लागत के मुकाबले कम दाम पर बिकवाली करने से देश के थोक तेल-तिलहन बाजार में मंगलवार को लगभग सभी तेल-तिलहन कीमतों में गिरावट देखने को मिली। इससे सरसों, मूंगफली, सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल की थोक कीमतों में गिरावट आई।

शिकॉगो एक्सचेंज में घट-बढ़ जारी है जबकि मलेशिया एक्सचेंज में गिरावट है।

बाजार सूत्रों ने कहा कि देश के खाद्य तेल आयातक बैंकों के कर्ज का भुगतान करने और ऋण साख पत्र (लेटर आफ क्रेडिट) चलाते रहने के लिए आयात किये गये खाद्य तेलों का लागत से लगभग 5-7 रुपये लीटर कम दाम पर निपटान कर रहे हैं जिससे खाद्य तेलों के थोक कीमतों में गिरावट आई। इसका नुकसान बैंकों को ही होगा। तेल संगठनों को इस मसले को गंभीरता से देखना चाहिये कि स्थिति को कैसे संभाला जाये।

उन्होंने कहा कि मुंबई में बंदरगाह होने के बावजूद वहां कांडला बंदरगाह से खाद्य तेलों की आपूर्ति की जा रही है क्योंकि कांडला पोर्ट पर ये आयातित खाद्य तेल लागत से कहीं सस्ते में बिक रहे हैं।

सूत्रों ने कहा कि अगस्त के महीने में आयात के लिए 2,70,000 टन खाद्य तेलों का लदान हुआ है जो जुलाई में हुए 3,55,000 टन के आयात के मुकाबले लगभग 23 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है। इसमें सूरजमुखी तेल का आयात घटने की संभावना जताई जा रही है जो देश में मौजूदा मूंगफली और बिनौला तेल की कमी को पूरा करने का काम कर रहा था। त्योहारों के ऐन मौके पर नरम तेलों के आयात का घटना ठीक नहीं है इस ओर तेल संगठनों को ध्यान देने की जरुरत है।

सूत्रों ने कहा कि मौजूदा परिस्थिति देश के तेल-तिलहन उद्योग, देश के तिलहन किसान तथा अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) अधिक निर्धारित किये जाने की वजह से सस्ता आयातित तेल महंगा खरीदने वाले उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंचा रही है।

मंगलवार को तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 5,600-5,650 (42 प्रतिशत कंडीशन का भाव) रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 7,740-7,790 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 18,480 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल 2,700-2,985 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 10,500 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 1,755 -1,850 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 1,755 -1,865 रुपये प्रति टिन।

तिल तेल मिल डिलिवरी – 18,900-21,000 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 9,850 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 9,800 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 8,150 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 8,050 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 9,000 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 9,200 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 8,350 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 5,115-5,210 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 4,880-4,975 रुपये प्रति क्विंटल।

मक्का खल (सरिस्का)- 4,015 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय