अमरावती, 18 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश राज्य निवेश संवर्धन बोर्ड (एसआईपीबी) ने बृहस्पतिवार को 30,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी और इससे राज्य में लगभग 30,000 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में एसआईपीबी ने 50 कंपनियों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी है।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री नायडू के नेतृत्व में हुई एसआईपीबी की 18वीं बैठक में इन निवेश प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई और 50 कंपनियों से संबंधित इन परियोजनाओं में कुल 30,515 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 29,677 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।’’
प्रमुख निवेश प्रस्तावों में एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी की 6,000 करोड़ रुपये की परियोजना, सीटीआरएलएस का 2,788 करोड़ रुपये का डेटा केंद्र, प्रोटीरियल इंडिया की 2,250 करोड़ रुपये की परियोजना तथा अनंत टेक्नोलॉजीज का 1,000 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।
नायडू के अनुसार, आंध्र प्रदेश में औद्योगिक वृद्घि तेजी से हो रही है और इसका लाभ समाज के सभी वर्गों तक रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक अवसरों के रूप में पहुंचना चाहिए।
भाषा यासिर अजय
अजय