एथर ने अपने स्कूटर में गड्ढों की चेतावनी देने वाली सुविधा पेश की

Ads

एथर ने अपने स्कूटर में गड्ढों की चेतावनी देने वाली सुविधा पेश की

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 10:11 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी एथर एनर्जी ने बुधवार को सफर के दौरान आने वाले गड्ढों और खराब सड़कों की जानकारी देने वाली खास सुविधा लाने की घोषणा की।

कंपनी ने बयान में कहा कि ‘पॉटलहोलप्लस अलर्ट’ सुविधा जेन 2 और उससे ऊपर के स्कूटरों के लिए उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत सवारियों को आने वाले गड्ढों, टूटी सड़कों, ऊबड़-खाबड़ रास्तों और स्पीड ब्रेकर की पहले से चेतावनी मिलेगी।

कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा उसके कनेक्टेड स्कूटर बेड़े से जुटाए गए आंकड़ों पर आधारित ‘रोड इंटेलिजेंस’ का उपयोग करती है। यह सुविधा एथर 450 एपेक्स, 450एक्स और रिज्ता जेड जैसे मॉडलों में उपलब्ध होगी।

एथर एनर्जी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण मेहता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि इस सुविधा को विकसित करने में करीब नौ साल लग गए।

उन्होंने कहा कि कंपनी के बढ़ते कनेक्टेड स्कूटर नेटवर्क से अब इतना डेटा उपलब्ध हो गया है कि इस तरह का फीचर ला पाना संभव हो सका है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय