मुंबई, 29 जुलाई (भाषा) मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के दूसरे वर्ष का एक छात्र छात्रावास के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। पुलिस को आशंका है कि यह आत्महत्या का मामला है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के पिलानी निवासी सोहिल राजकुमार सांगवान (20) मंगलवार रात अपने कमरे में छत के पंखे से लटका मिला। अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसने चादर का इस्तेमाल करके फंदा लगाया था।
अधिकारी ने बताया कि उसके मोबाइल फोन में मिले चैट संदेशों से संकेत मिला है कि वह पारिवारिक समस्याओं और निजी रिश्ते से जुड़ी परेशानियों के कारण कठिन दौर से गुजर रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस संदिग्ध आत्महत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की विस्तृत फॉरेंसिक जांच कर रही है।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश