‘भारत टेक्स-2026’ में 2.8 अरब डॉलर की कारोबारी पूछताछ, 14,300 करोड़ के निवेश आश्वासन आए

Ads

'भारत टेक्स-2026' में 2.8 अरब डॉलर की कारोबारी पूछताछ, 14,300 करोड़ के निवेश आश्वासन आए

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 05:49 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 05:49 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) वैश्विक वस्त्र सम्मेलन ‘भारत टेक्स 2026’ के पहले तीन दिनों में 2.8 अरब डॉलर के व्यापारिक सौदों की संभावनाएं बनीं, जबकि विभिन्न राज्यों से 14,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले।

वस्त्र मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि इस चार-दिवसीय आयोजन में 1,647 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया और करीब 95,000 कारोबारी आगंतुक पहुंचे। कुल 11,315 खरीदार मौजूद रहे, जिनमें 6,090 विदेशी खरीदार शामिल थे।

इसके अलावा, 3,461 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और 138 देशों के लोग इसमें शामिल हुए।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत टेक्स-2026 के दौरान विभिन्न राज्यों के साथ 30 से अधिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इससे लगभग 14,300 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धताएं की गईं। इन राज्यों में कर्नाटक (2,821 करोड़ रुपये, 11,020 रोजगार), बिहार (1,476 करोड़ रुपये, 40,500 से अधिक रोजगार), महाराष्ट्र (1,095 करोड़ रुपये) और आंध्र प्रदेश (4,100 करोड़ रुपये) शामिल हैं।’’

मंत्रालय ने कहा कि ये आंकड़े भारत के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में विकेंद्रीकृत और राज्यों के नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने में इस आयोजन की भूमिका को रेखांकित करते हैं।

इसके अलावा, वस्त्र पुनर्चक्रण कंपनी आरईएंडयूपी ने भारत में 4,800 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। साथ ही आयोजन के दौरान लगभग 2.8 अरब डॉलर की गंभीर कारोबारी पूछताछ भी प्राप्त हुई।

भाषा निहारिका प्रेम

प्रेम