प्रमुख कंपनियों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 965 अंक उछला

Ads

प्रमुख कंपनियों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 965 अंक उछला

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 05:45 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 05:45 PM IST

मुंबई, 17 जुलाई (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज, बैंक और आईटी शेयरों में खरीदारी आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 965 अंक उछल गया जबकि निफ्टी ने 262 अंक की छलांग लगाई।

विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद घरेलू स्तर पर प्रमुख कंपनियों के अनुकूल तिमाही नतीजों और आईटी कंपनियों में लिवाली आने से निवेशक धारणा को समर्थन मिला। हालांकि व्यापक बाजार में नकारात्मक रुझान रहा।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 964.58 अंक यानी 1.25 प्रतिशत उछलकर 78,151.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,095.68 अंक चढ़कर 78,282.55 अंक तक पहुंच गया।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 261.55 अंक यानी 1.09 प्रतिशत बढ़कर 24,334.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के समूह में शामिल शेयरों में टेक महिंद्रा का शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद करीब 3.91 प्रतिशत उछला। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज का भी शेयर तिमाही नतीजों की घोषणा के पहले करीब तीन प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।

कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस भी बढ़त में रहे।

दूसरी तरफ, सन फार्मा, ट्रेंट, भारती एयरटेल और अल्ट्राटेक सीमेंट नुकसान में रहे।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘बाजार की दिशा बड़े शेयरों की ओर झुकती दिख रही है, जिसमें आईटी और बैंकिंग क्षेत्र के शेयर अगुवाई कर रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशक महंगे मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों से निकलकर अपेक्षाकृत आकर्षक भाव पर उपलब्ध बड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेश कर रहे हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच 1.79 प्रतिशत चढ़कर 85.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.32 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.07 प्रतिशत की नरमी रही।

क्षेत्रवार सूचकांकों में निजी बैंक सचूकांक 1.81 प्रतिशत चढ़ गया जबकि शीर्ष 10 बैंक खंड में 1.78 प्रतिशत, आईटी खंड में 1.38 प्रतिशत और वित्तीय सेवा खंड में 1.20 प्रतिशत की तेजी रही।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती ने भी निवेशक धारणा को समर्थन देने का काम किया।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ‘भारतीय शेयर बाजारों ने कारोबारी सप्ताह का समापन मजबूती के साथ किया। कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद प्रमुख बैंकों, वित्तीय शेयरों एवं आईटी कंपनियों में व्यापक खरीदारी आने से इस तेजी को समर्थन मिला।’

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 582.06 अंक यानी 0.75 प्रतिशत चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 127.4 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की तेजी रही।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की सूचकांक, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरकर बंद हुए जबकि दक्षिण कोरिया का बाजार बंद रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नुकसान में रहे थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 4,205.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 और निफ्टी 5.75 अंक गिरकर 24,072.75 अंक पर रहा।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण