भारती एयरटेल का मार्च तिमाही का एकीकृत मुनाफा 49 प्रतिशत बढ़कर 3,006 करोड़ रुपये पर

Ads

भारती एयरटेल का मार्च तिमाही का एकीकृत मुनाफा 49 प्रतिशत बढ़कर 3,006 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - May 16, 2023 / 05:25 PM IST,
    Updated On - May 16, 2023 / 05:25 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का बीते वित्त वर्ष की चौथी जनवरी-मार्च तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 49.2 प्रतिशत बढ़कर 3,005.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजारों को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों की सूचना देते हुए कहा कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 2,007.8 करोड़ रुपये रहा था।

भारती एयरटेल की एकीकृत परिचालन आय आलोच्य तिमाही में 14.31 प्रतिशत बढ़कर 36,009 करोड़ रुपये हो गई जबकि जनवरी-मार्च, 2022 में यह 31,500.3 करोड़ रुपये रही थी।

कंपनी का भारतीय कारोबार इस अवधि में 12.2 प्रतिशत वृद्धि के साथ 25,250 करोड़ रुपये हो गया। वहीं समूचे वित्त वर्ष 2022-23 में भारतीय कारोबार 19 प्रतिशत बढ़कर 82,487.7 करोड़ रुपये हो गया।

गत 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध लाभ करीब दोगुना होकर 8,346 करोड़ रुपये पर पहुंच गया जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 4,255 करोड़ रुपये रहा था।

पिछले वित्त वर्ष में भारती एयरटेल की एकीकृत परिचालन आय 19.3 प्रतिशत बढ़कर 1,39,144.8 करोड़ रुपये हो गई जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 1,16,546.9 करोड़ रुपये रही थी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय