(लक्ष्मी देवी ऐरे)
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने आईओएस 18 के जारी होने के बाद आईफोन उपयोगकर्ताओं द्वारा बताई गई तकनीकी समस्याओं की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नियामक ने पिछले साल एप्पल इंक को एक नोटिस जारी कर इस मामले पर विस्तृत जवाब मांगा था, जिसमें सामने आई तकनीकी समस्याओं, उनके उभरने की समयसीमा और उनके समाधान के लिए कंपनी द्वारा उठाए गए कदमों पर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
सूत्रों ने बताया कि नोटिस जारी होने के एक साल बाद भी समस्याएं बरकरार रहने के कारण सीसीपीए ने ”अब इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।”
इस बीच, लोकलसर्किल्स के हालिया सर्वेक्षण से पता चलता है कि जनवरी, 2025 में किए गए पिछले अध्ययन के बाद से आईफोन उपयोगकर्ताओं की शिकायतों में और वृद्धि हुई है।
लोकलसर्किल्स ने कहा कि वह अपने नवीनतम निष्कर्षों को सीसीपीए और अन्य संबंधित प्राधिकरणों के साथ साझा करने की योजना बना रहा है। इसके साथ ही उसने एप्पल इंक के खिलाफ ‘क्लास एक्शन’ (सामूहिक उपभोक्ता कार्रवाई) की अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि प्रभावित आईफोन उपयोगकर्ताओं को अब तक कोई उचित समाधान नहीं दिया गया है।
लोकलसर्किल्स ने बयान में कहा, ”सीसीपीए द्वारा इस मामले को आगे बढ़ाना और एप्पल की सॉफ्टवेयर वारंटी शर्तों की जांच-पड़ताल करना एक स्वागत योग्य कदम है।”
हालांकि, संस्था ने आगाह किया कि जब तक बाध्यकारी निर्देश या जुर्माने नहीं लगाए जाते, तब तक प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत काफी हद तक ”एप्पल की आंतरिक प्राथमिकताओं और समस्या के दायरे को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने की उसकी इच्छा” पर निर्भर करेगी।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय