सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बिक्री पेशकश संस्थागत निवेशकों के लिए शुरू

Ads

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बिक्री पेशकश संस्थागत निवेशकों के लिए शुरू

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 10:15 AM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 10:15 AM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सरकार की चार प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए बिक्री पेशकश 31 रुपये प्रति शेयर की दर से शुक्रवार को संस्थागत निवेशकों के लिए खुल गई।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की इस बिक्री पेशकश (ओएफएस) में अतिरिक्त चार प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए ग्रीनशू विकल्प भी शामिल है। खुदरा निवेशक इस शेयर बिक्री में सोमवार को बोली लगा सकेंगे।

यह 31 रुपये प्रति शेयर का न्यूनतम मूल्य बृहस्पतिवार को बीएसई पर शेयर के 33.91 रुपये के बंद भाव से 8.58 प्रतिशत कम है।

बीएसई पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शेयर 32.06 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं जो पिछले दिन के बंद भाव से 5.46 प्रतिशत कम है।

इस सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में आठ प्रतिशत हिस्सेदारी बिक्री से सरकार को 2,456 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।

यह बिक्री पेशकश सरकार को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के न्यूनतम सार्वजनिक हिस्सेदारी मानक को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगी।

सेबी के अनुसार, सभी सूचीबद्ध कंपनियों में कम से कम 25 प्रतिशत सार्वजनिक हिस्सेदारी होना अनिवार्य है।

सरकार के पास वर्तमान में 89.27 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यदि सरकार ग्रीनशू विकल्प का उपयोग करती है, तो बैंक में उसकी हिस्सेदारी घटकर 81.27 प्रतिशत रह जाएगी।

सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में बिक्री पेशकश के जरिये बैंक ऑफ महाराष्ट्र से 2,624 करोड़ रुपये और इंडियन ओवरसीज बैंक से 1,419 करोड़ रुपये जुटा चुकी है।

भाषा निहारिका

निहारिका