पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने कतर के अमीर से मुलाकात की, पूर्व अमीर के निधन पर शोक जताया

Ads

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ ने कतर के अमीर से मुलाकात की, पूर्व अमीर के निधन पर शोक जताया

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 12:16 AM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 12:16 AM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 13 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को दोहा में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात की और कतर के पूर्व शासक शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर संवेदना व्यक्त की।

कतर ने रविवार को घोषणा की थी कि 1995 से 2013 तक देश का नेतृत्व करने वाले 74 वर्षीय पूर्व शासक का निधन हो गया है।

सोमवार को एक दिवसीय यात्रा पर कतर पहुंचे शरीफ के साथ पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार, सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आए थे।

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दोहा में प्रधानमंत्री शरीफ के नेतृत्व में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल ने शेख तमीम से मुलाकात की और ‘पूर्व शासक के दुखद निधन पर अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की।’

शेख तमीम ने व्यक्तिगत रूप से शोक व्यक्त करने के लिए दोहा आने पर पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त किया और इसे ‘दोनों मित्र देशों और वहां के लोगों के बीच गहरे भाईचारे के संबंधों का प्रतीक’ बताया।

भाषा

सुमित वैभव

वैभव