नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) केंद्र ने बुधवार को तमिलनाडु में किसानों से खोपरा और टोटापुरी आम की खरीद को मंजूरी दी, ताकि गिरती कीमतों के बीच किसानों को कम दाम पर उत्पाद न बेचना पड़े।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमिलनाडु सरकार के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए इन प्रस्तावों को मंजूरी दी।
साल 2026 के लिए नारियल गरी खरीद योजना के तहत, केंद्र सरकार ‘मूल्य समर्थन योजना’ (पीएसएस) के तहत ‘न्यूनतम समर्थन मूल्य’ (एमएसपी) पर 87,226 टन नारियल गरी खरीदेगी। इसमें 87,000 टन मिलिंग नारियल गरी और 226 टन बॉल नारियल गरी शामिल होगा। इस खरीद के लिए कुल एमएसपी खर्च 1,049.16 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।
इसके अलावा, केंद्र ने साल 2026 के लिए ‘बाजार हस्तक्षेप योजना’ (एमआईएस) के तहत 96,879 टन तोतापुरी आम की खरीद को भी मंजूरी दी है। यह पूरी खरीद तमिलनाडु में 1,545.41 रुपये प्रति क्विंटल की ‘बाजार हस्तक्षेप योजना’ पर की जाएगी।
मंत्रालय ने कहा कि इन कदमों का मकसद दोनों फसलों के लिए किसानों को अच्छी कीमत दिलाना और बाजार में कीमतें गिरने पर उन्हें नुकसान में उपज बेचने के लिए मजबूर होने से बचाना है।
पीएसएस और एमआईएस व्यवस्थाओं के तहत, खुले बाजार में कीमतें टिकाऊ स्तर से नीचे गिरने पर सरकार सीधे किसानों से उपज खरीद सकती है।
मंत्रालय ने कहा कि इन दोनों फैसलों से राज्य के किसानों को कुल मिलाकर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की मदद मिलेगी।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम