लखनऊ, 21 मई (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों साथ बैठक कर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी 5.0) की विस्तृत समीक्षा की।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सात लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने को तैयार हैं।
एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जीबीसी 5.0 के अंतर्गत हर जनपद में निवेश हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।
उन्होंने जनपदों की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए विनिर्माण क्षमता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
इस अवसर पर इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने हाल ही में लीड्स 2025 रैंकिंग में उत्तर प्रदेश को मिले ‘एग्जेम्प्लर अवार्ड’ को मुख्यमंत्री को समर्पित किया।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक्स एवं बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने इस पुरस्कार के लिए इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष जीबीसी के दौरान होने वाले पूरे आयोजन का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश रक्षा गलियारे में भूमि की मांग तेजी से बढ़ी है।
उन्होंने भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को उन परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी जुटाने के निर्देश दिए, जिनके लिए वर्षों पहले भूमि आवंटित की गई थी लेकिन अब तक निवेश नहीं हुआ है।
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आकर्षित करना सरकार की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में से एक है और इसके लिए व्यापक प्रयास किए जाने चाहिए।
भाषा जफर रवि कांत योगेश अजय
अजय