मुख्यमंत्री नायडू का केंद्र से मक्का खरीदने का आग्रह
मुख्यमंत्री नायडू का केंद्र से मक्का खरीदने का आग्रह
अमरावती, 27 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को केंद्र सरकार से मक्का खरीदने और कीमतों में गिरावट से जूझ रहे किसानों को मदद देने के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे एक पत्र में, नायडू ने वर्ष 2025-26 के रबी मौसम में पैदा हुए मक्के को खरीदने और ‘मूल्य कमी भुगतान योजना’ के तहत किसानों को लाभ देने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
नायडू ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि वे मक्का किसानों को खरीद सुनिश्चित करके और ‘प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान’ (पीएम-आशा) योजना के तहत कीमतों में अंतर की भरपाई करके मदद करें।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश में मक्का किसान बहुत मुश्किल में हैं, क्योंकि बाजार में कीमतें लगातार गिर रही हैं। मौजूदा कीमतें 1,600 से 1,700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच हैं, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,400 रुपये प्रति क्विंटल से काफी कम हैं।
उन्होंने कहा कि इस मौसम में राज्य में लगभग 42 लाख टन मक्का पैदा होने की उम्मीद है, जबकि 14.2 लाख टन मक्का अभी भी खेतों में कटाई के लिए तैयार है।
नायडू ने केंद्र से पीएम-आशा योजना के तहत कीमतों में अंतर के लिए किसानों को सीधे मुआवजा देने की अपील की और अनुरोध किया कि आंध्र प्रदेश के मामले को एक विशेष मामले के तौर पर देखा जाए।
उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार कीमतों में अंतर के भुगतान के लिए जरूरी 100 प्रतिशत धनराशि खुद वहन करे और इस योजना को जून 2026 तक बढ़ाने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री ने मक्का किसानों को समय पर राहत सुनिश्चित करने के लिए, ‘नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड’ (नाफेड) और ‘आंध्र प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड’ (एपी मार्कफेड) के साथ मिलकर इस योजना को लागू करने के लिए तुरंत मंजूरी देने का भी अनुरोध किया।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


