कोलगेट-पामोलिव इंडिया का लाभ चौथी तिमाही में मामूली घटकर 353 करोड़ रुपये पर

Ads

कोलगेट-पामोलिव इंडिया का लाभ चौथी तिमाही में मामूली घटकर 353 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 10:31 PM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) टूथपेस्ट समेत दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कोलगेट-पामोलिव इंडिया लि. का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में मामूली घटकर 353.32 करोड़ रुपये रहा।

इससे पिछले साल 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 355 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में इसकी बिक्री नौ प्रतिशत बढ़कर 1,582.77 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल इसी तिमाही में यह 1,452.02 करोड़ रुपये थी।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए, कंपनी का शुद्ध मुनाफा 7.7 प्रतिशत घटकर 1,325.31 करोड़ रुपये रहा। कुल एकीकृत आय मामूली घटकर 6,124.16 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 6,170.91 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के निदेशक मंडल ने एक रुपये के अंकित मूल्य के प्रत्येक शेयर पर 24 रुपये का दूसरा अंतरिम लाभांश देने की घोषणा की है। इसके साथ पूरे 2025-26 के लिए कुल लाभांश 48 रुपये प्रति शेयर बैठता है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण