वापकोस के पूर्व सीएमडी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज

Ads

वापकोस के पूर्व सीएमडी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 09:40 PM IST

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ‘जल एवं विद्युत परामर्श सेवा (वापकोस)’ के पूर्व चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक रजनीकांत अग्रवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी ने जल शक्ति मंत्रालय की एक शिकायत पर यह कार्रवाई की है, जिसके तहत वापकोस कार्यरत है। आरोप है कि अग्रवाल ने ठेकेदारों से अनुचित वित्तीय लाभ लिए और उनसे अपने बेटे की शिक्षा, यात्रा और अन्य खर्चों का भुगतान कराया।

अग्रवाल का बेटा वर्ष 2018 से 2022 के बीच वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) में पढ़ रहा था।

मंत्रालय ने वापकोस के मुख्य सतर्कता अधिकारी से प्राप्त एक तथ्यात्मक रिपोर्ट सीबीआई को भेजी थी, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2018 से 2022 के बीच वापकोस लिमिटेड और एनपीसीसी के विभिन्न कार्यालयों के परियोजना प्रबंधकों तथा अन्य व्यक्तियों के माध्यम से उनके बेटे की फीस के लिए 11.26 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया था। यह राशि शिक्षण शुल्क के अलावा छुट्टियों और त्योहारों के दौरान दिल्ली से चेन्नई की हवाई यात्रा व अन्य खर्चों के लिए दी गई थी।

प्राथमिकी के अनुसार, ‘आरोप है कि 11 मई 2018 को एक ‘डिमांड ड्राफ्ट’ के माध्यम से वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) को शिक्षण एवं छात्रावास शुल्क के रूप में 2.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। उक्त डिमांड ड्राफ्ट वापकोस के चंडीगढ़ परियोजना कार्यालय में तत्कालीन विशेषज्ञ हरी चंद अरोड़ा ने अपने बचत बैंक खाते से जारी किया था।’

अरोड़ा जून 2011 से अप्रैल 2022 तक चंडीगढ़ परियोजना कार्यालय में वापकोस के साथ विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत थे।

भाषा योगेश रमण

रमण