नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) बीमा प्रौद्योगिकी कंपनी ‘कवरश्योर’ ने बीमा की पहुंच बढ़ाने के लिए ‘बीमा गिफ्ट कार्ड’ पेश करते हुए कॉरपोरेट, सामाजिक और व्यक्तिगत बीमा उपहार बाजार में प्रवेश किया है।
कवरश्योर ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि ‘बीमा गिफ्ट कार्ड’ भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से लाइसेंस प्राप्त प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (पीपीआई) जारीकर्ता ऑक्सीमनी के साथ मिलकर पेश किया गया है।
कंपनी ने कहा कि सरल शब्दों में, ‘बीमा गिफ्ट कार्ड’ एक ऐसी राशि है, जिसका इस्तेमाल प्राप्तकर्ता अपनी जरूरत के मुताबिक बीमा कवर लेने के लिए कर सकता है। इसमें बीमा कवर चुनने और उसका समय तय करने का अधिकार उस व्यक्ति के पास होता है, जिसका वास्तव में बीमा किया जाना है न कि उपहार देने वाले के पास।
बयान के अनुसार, 1,000 रुपये तक का ‘ओपन-एंडेड गिफ्ट कार्ड’ प्राप्तकर्ता को कवरश्योर पर पात्र बीमा या गैर-बीमा पेशकशों के लिए इस राशि का इस्तेमाल करने की सुविधा देता है। इसका इस्तेमाल आंशिक रूप से भी किया जा सकता है, जिससे यह व्यक्तिगत उपहार तथा कर्मचारियों के सम्मान के लिए उपयुक्त है।
कवरश्योर ने कहा कि उसका लक्ष्य अगले 12 माह में ‘बीमा गिफ्ट कार्ड’ के जरिये 100 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करना और 10 लाख परिवारों तक पहुंचना है।
कवरश्योर के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सौरभ विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘ बीमा हमेशा बेचा गया है, कभी उपहार में नहीं दिया गया। हम इसे बदलना चाहते थे।’’
भाषा निहारिका अजय
अजय