आपूर्ति को लेकर चिंताओं के चलते कच्चे तेल का वायदा भाव 10,888 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर

Ads

आपूर्ति को लेकर चिंताओं के चलते कच्चे तेल का वायदा भाव 10,888 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 06:53 PM IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) वायदा कारोबार में मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतें लगभग तीन प्रतिशत बढ़कर 10,888 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गईं। यह बढ़त मज़बूत वैश्विक संकेतों के चलते हुई, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समय सीमा से पहले अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल के अप्रैल माह में डिलिवरी वाला अनुबंध 300 रुपये या 2.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,888 रुपये प्रति बैरल के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया।

इसी प्रकार, एमसीएक्स में कच्चे तेल का मई माह का अनुबंध 170 रुपये या 1.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,485 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया।

चॉइस ब्रोकिंग की जिंस विश्लेषक, कावेरी मोरे ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतें स्थिर बनी रहीं, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के लिए तय समय-सीमा से पहले भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया है; इससे बाज़ार होर्मुज़ जलडमरूमध्य से जुड़ी हर घटना के प्रति बेहद संवेदनशील हो गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि ईरान के बुनियादी ढांचे पर संभावित हमलों की धमकियों और ईरान की ओर से खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा संपत्तियों पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनियों ने आपूर्ति में रुकावट की आशंकाओं को बढ़ा दिया है, जिससे संघर्ष-विराम की दिशा में किए जा रहे राजनयिक प्रयास फीके पड़ गए हैं।

वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चे तेल के मई अनुबंध की कीमत 4.14 डॉलर या 3.7 प्रतिशत की तेजी के साथ 116.55 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जबकि ब्रेंट क्रूड के जून माह में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 1.5 प्रतिशत बढ़कर 111.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय