डालमिया भारत जेपी एसोसिएट्स की सीमेंट परिसंपत्तियों का अधिग्रहण करेगी

Ads

डालमिया भारत जेपी एसोसिएट्स की सीमेंट परिसंपत्तियों का अधिग्रहण करेगी

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 10:42 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 10:42 PM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) डालमिया भारत ने शुक्रवार को कहा कि वह कर्ज में डूबी जयप्रकाश एसोसिएट्स की सीमेंट परिसंपत्तियों का 2,850 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर अधिग्रहण करेगी।

उद्योगपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाली अदाणी एंटरप्राइजेज ने दिवाला प्रक्रिया के तहत हाल ही में जयप्रकाश एसोसिएट्स का अधिग्रहण किया है।

डालमिया भारत के पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड (डीसीबीएल) ने सीमेंट परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के लिए जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के साथ व्यापार हस्तांतरण समझौते (बीटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।

डालमिया भारत ने बताया कि यह सौदा अगले दो सप्ताह के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।

इस अधिग्रहण के बाद डालमिया भारत की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़कर 5.47 करोड़ टन प्रति वर्ष हो जाएगी।

कंपनी ने कहा कि बीटीए के तहत मध्य प्रदेश के रीवा और उत्तर प्रदेश के चुर्क, चुनार और सदवा स्थित सीमेंट संयंत्रों का अधिग्रहण किया जाएगा। इन संयंत्रों की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 52 लाख टन प्रति वर्ष है। यह सौदा 2,850 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर हुआ है।

इसके अलावा, अधिग्रहीत परिसंपत्तियों में 99 मेगावाट की ताप विद्युत क्षमता भी शामिल है।

कंपनी ने कहा कि यह सौदा ऋण और आंतरिक संसाधनों के संयोजन से पूरा किया जाएगा।

भाषा राजेश राजेश योगेश प्रेम

प्रेम