डीसीएम श्रीराम का चौथी तिमाही मुनाफा दोगुना होकर 371 करोड़ रुपये

Ads

डीसीएम श्रीराम का चौथी तिमाही मुनाफा दोगुना होकर 371 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 02:31 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 02:31 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) डीसीएम श्रीराम लिमिटेड का शुद्ध लाभ बीते वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में दोगुना होकर 370.80 करोड़ रुपये हो गया।

गुरुग्राम स्थित चीनी और एवं रसायन क्षेत्र की इस प्रमुख कंपनी का 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में शुद्ध मुनाफा 178.91 करोड़ रुपये था।

डीसीएम श्रीराम लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 3,419.59 करोड़ रुपये हो गई, जो एक वर्ष पहले इसी अवधि में 3,040.60 करोड़ रुपये थी। वहीं खर्च 2,770.81 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,197.45 करोड़ रुपये हो गया।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 42 प्रतिशत बढ़कर 855.98 करोड़ रुपये हो गया जो 2024-25 में 604.27 करोड़ रुपये था। कुल आय 12,883.46 करोड़ रुपये से बढ़कर 14,460.24 करोड़ रुपये हो गई।

कंपनी के निदेशक मंडल ने हिंदुस्तान स्पेशलिटी केमिकल्स की क्षमता विस्तार के लिए शेयर और ऋण के मिश्रण से 100 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है।

एक संयुक्त बयान में कंपनी के चेयरमैन एवं वरिष्ठ प्रबंध निदेशक अजय श्रीराम और वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक विक्रम श्रीराम ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में लगातार अनिश्चितताओं के कारण वैश्विक संगठनों और सरकारों की कड़ी परीक्षा हुई।

निदेशक मंडल ने 200 प्रतिशत अंतिम लाभांश (62.38 करोड़ रुपये) की सिफारिश की है जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

कंपनी चीनी, रसायन और उर्वरक क्षेत्र में काम करती है।

भाषा निहारिका अजय

अजय