घरेलू उड़ानों पर शुल्क रियायत आगे बढ़ने की संभावना नहींः सूत्र

Ads

घरेलू उड़ानों पर शुल्क रियायत आगे बढ़ने की संभावना नहींः सूत्र

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:55 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:55 PM IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण (एईआरए) द्वारा घरेलू उड़ानों के लिए लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में दी गई 25 प्रतिशत छूट को आगे बढ़ाए जाने की संभावना नहीं है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, हवाई अड्डा परिचालकों को शुल्क में रियायत बढ़ाने के संबंध में कोई नया आदेश नहीं मिला है, जिससे यह माना जा रहा है कि तीन महीने की छूट अब खत्म हो चुकी है।

नागर विमानन मंत्रालय के निर्देश पर एईआरए ने सात अप्रैल को पश्चिम एशिया में तनाव के कारण एयरलाइंस पर पड़े वित्तीय दबाव को देखते हुए सभी घरेलू उड़ानों के लिए तीन महीने की यह शुल्क छूट लागू की थी।

एईआरए ने अपने आदेश में कहा था कि सभी प्रमुख हवाई अड्डों पर लागू शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती तत्काल प्रभाव से लागू होगी और यह तीन महीने तक प्रभावी रहेगी।

इस शुल्क छूट के मुद्दे पर नागर विमानन मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

निजी हवाई अड्डा संचालकों के संगठन एपीएओ ने हाल ही में मंत्रालय से अनुरोध किया था कि तीन महीने की अवधि खत्म होने के बाद शुल्क में दी गई रियायत खत्म की जाए और हवाई अड्डा संचालकों को छूट के कारण हुए नुकसान की एयरलाइन कंपनियों से भरपाई करने की अनुमति दी जाए।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय