मुंबई, छह फरवरी (भाषा) एवरेडी इंडस्ट्रीज इंडिया ने अक्टूबर-दिसंबर 2025 की तिमाही में 7.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी।
कंपनी ने कहा कि नए श्रम कानूनों के कार्यान्वयन से संबंधित 9.4 करोड़ रुपये के एकमुश्त अतिरिक्त खर्च के कारण उसके मुनाफे पर असर पड़ा है।
पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 13.1 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
एवरेडी की तरफ से साझा किए गए वित्तीय नतीजों के मुताबिक, तीसरी तिमाही में उसका एकीकृत परिचालन राजस्व 10.1 प्रतिशत बढ़कर 367.2 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान तिमाही में 333.5 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कर-पूर्व आय 13 प्रतिशत बढ़कर 33.3 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 29.5 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) विवेक अग्रवाल ने कहा, ‘तिमाही में हमने अपनी प्रमुख परिचालन और वित्तीय प्राथमिकताओं में निरंतर प्रगति की है। जम्मू में हमारी नयी अल्कलाइन बैटरी विनिर्माण इकाई का निर्माण कार्य चालू वित्त वर्ष के अंत तक पूरा होने की राह पर है।’
भाषा सुमित प्रेम
प्रेम