निर्यात में अप्रैल में अब तक मजबूत वृद्धि: गोयल

निर्यात में अप्रैल में अब तक मजबूत वृद्धि: गोयल

निर्यात में अप्रैल में अब तक मजबूत वृद्धि: गोयल
Modified Date: April 29, 2026 / 06:47 pm IST
Published Date: April 29, 2026 6:47 pm IST

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद अप्रैल के पहले तीन हफ्तों में देश के निर्यात में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई है।

गोयल ने यह भी कहा कि भारत द्वारा किए गए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) घरेलू उद्योग को बड़ा प्रोत्साहन देंगे।

गोयल ने संवाददाताओं से कहा, “इस साल अप्रैल के पहले तीन हफ्तों में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में निर्यात में वृद्धि हुई है। पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति के बावजूद घरेलू निर्यातकों में काफी उत्साह है।”

पश्चिम एशिया को निर्यात के बारे में उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य चुनौती बना हुआ है, इसलिए माल भेजने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जा रहा है।

अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत की प्रगति के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “करीब एक सप्ताह पहले हमारी बहुत अच्छी चर्चा हुई थी। हमारा प्रतिनिधिमंडल लौट आया है और बातचीत जारी है।”

उन्होंने बताया कि सरकार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, चार यूरोपीय देशों के समूह ईएफटीए (यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ), ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस और ओमान के साथ व्यापार समझौते अंतिम रूप दे चुकी है।

गोयल ने कहा, “करीब 12 अन्य समझौते भी प्रक्रिया में हैं।”

भारत इजराइल, खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) और कनाडा के साथ भी व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहा है।

विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) पर मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में यह लगभग 87-90 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025-26 की अप्रैल-दिसंबर अवधि के दौरान कुल एफडीआई प्रवाह 73.31 अरब डॉलर रहा।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में