एफसीएनआर-बी जमा योजना में कुल 132.98 अरब डॉलर आएः आरबीआई

Ads

एफसीएनआर-बी जमा योजना में कुल 132.98 अरब डॉलर आएः आरबीआई

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 08:23 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 08:23 PM IST

मुंबई, 21 सितंबर (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को विशेष विदेशी मुद्रा प्रवासी (एफसीएनआर-बी) जमा योजना के तहत 31 अगस्त तक जुटाई गई राशि का आंकड़ा संशोधित कर 132.98 अरब डॉलर कर दिया।

भारतीय प्रवासियों से मिली मजबूत प्रतिक्रिया के कारण इस योजना को तय समय से एक महीने पहले बंद कर दिया गया था।

इसके पहले, दो सितंबर को जारी शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना के तहत बैंकों ने 127.226 अरब डॉलर जुटाए थे।

आरबीआई ने एफसीएनआर(बी) जमा, विदेशी मुद्रा में विदेशी उधारी (ओएफसीबी) और बाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) के लिए विशेष डॉलर-रुपया विदेशी मुद्रा अदलाबदली सुविधा आठ जून, 2026 को शुरू की थी।

एफसीएनआर(बी) जमा के लिए यह सुविधा 31 अगस्त तक खुली थी, जबकि ईसीबी और ओएफसीबी के लिए यह 31 दिसंबर, 2026 तक खुली रहेगी।

आरबीआई के 18 सितंबर तक अधिकृत डीलर बैंकों से मिले ताजा आंकड़ों के अनुसार, एफसीएनआर(बी), ईसीबी और ओएफसीबी के तहत कुल प्रवाह 143.596 अरब डॉलर रहा। इसमें एफसीएनआर(बी) जमा का हिस्सा 132.980 अरब डॉलर, ओएफसीबी का 5.320 अरब डॉलर और ईसीबी का 5.296 अरब डॉलर रहा।

एफसीएनआर(बी) योजना के तहत मिली मजबूत प्रतिक्रिया को देखते हुए आरबीआई ने इसे मूल समयसीमा से एक महीने पहले बंद कर दिया। यह सुविधा शुरू में 30 सितंबर तक खुली रहने वाली थी लेकिन केंद्रीय बैंक ने तय समय से पहले ही उद्देश्य पूरा होने पर इसे 31 अगस्त को बंद कर दिया था।

एफसीएनआर(बी) जमा विदेशी मुद्राओं में रखी जाने वाली सावधि जमा होती हैं। इसमें मूलधन और ब्याज का भुगतान उसी विदेशी मुद्रा में किया जाता है, जिससे जमाकर्ता को रुपये की विनिमय दर में बदलाव के सीधे जोखिम से बचाव मिलता है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय