फिनटेक कंपनियों का वित्तपोषण मार्च तिमाही में 51.3 करोड़ डॉलर पर लगभग स्थिरः रिपोर्ट
फिनटेक कंपनियों का वित्तपोषण मार्च तिमाही में 51.3 करोड़ डॉलर पर लगभग स्थिरः रिपोर्ट
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) भारत के वित्तीय-प्रौद्योगिकी (फिनटेक) क्षेत्र में जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान वित्तपोषण लगभग स्थिर रहा, लेकिन सौदों की संख्या में 54 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
ट्रैक्सन की तरफ से भारतीय फिनटेक क्षेत्र की स्थिति पर जारी तिमाही रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में कुल वित्तपोषण 51.3 करोड़ डॉलर रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि के 50.3 करोड़ डॉलर से करीब दो प्रतिशत अधिक है।
हालांकि, यह राशि अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के 56.2 करोड़ डॉलर की तुलना में नौ प्रतिशत कम है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च तिमाही के दौरान फिनटेक क्षेत्र में वित्तपोषण के केवल 45 सौदे हुए जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह संख्या 99 थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल पूंजी लगभग समान रहने के बावजूद अब निवेश कम कंपनियों में और बड़े आकार के सौदों के रूप में केंद्रित हो रहा है।
रिपोर्ट कहती है, “निवेशक अब कम लेकिन परिपक्व कंपनियों में बड़े निवेश कर रहे हैं, जिनका कारोबारी मॉडल और इकाई अर्थव्यवस्था पहले से साबित है।”
इस तिमाही के कुल वित्तपोषण का बड़ा हिस्सा एक बड़े सौदे से आया। मुंबई स्थित आवासीय वित्त मंच ‘वीवर’ ने 15.6 करोड़ डॉलर जुटाए, जो कुल वित्तपोषण का करीब एक-तिहाई है।
शहरों के हिसाब से बेंगलुरु को पीछे छोड़कर मुंबई फिनटेक निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा। मुंबई आधारित स्टार्टअप ने कुल 61 प्रतिशत (31.1 करोड़ डॉलर) वित्त जुटाया, जबकि एक साल पहले यह हिस्सा केवल नौ प्रतिशत था।
वहीं, बेंगलुरु का हिस्सा घटकर 30 प्रतिशत (15.2 करोड़ डॉलर) रह गया, जो पिछले साल की जनवरी-मार्च तिमाही में 51 प्रतिशत था। इसके बाद गुरुग्राम, दिल्ली और चेन्नई का स्थान रहा।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


