विदेशी मुद्रा भंडार चार अरब डॉलर बढ़कर 698.27 अरब डॉलर पर पहुंचा

Ads

विदेशी मुद्रा भंडार चार अरब डॉलर बढ़कर 698.27 अरब डॉलर पर पहुंचा

  •  
  • Publish Date - September 12, 2025 / 06:14 PM IST,
    Updated On - September 12, 2025 / 06:14 PM IST

मुंबई, 12 सितंबर (भाषा) स्वर्ण भंडार का मूल्य बढ़ने से देश का विदेशी मुद्रा भंडार पांच सितंबर को समाप्त सप्ताह में 4.04 अरब डॉलर बढ़कर 698.27 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इसके एक सप्ताह पहले देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 3.51 अरब डॉलर बढ़कर 694.23 अरब डॉलर हो गया था।

आरबीआई की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पांच सितंबर को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 54 करोड़ डॉलर बढ़कर 584.47 अरब डॉलर हो गईं।

डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में मूल्यवृद्धि या मूल्यह्रास का प्रभाव शामिल होता है।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, आलोच्य सप्ताह में देश का स्वर्ण भंडार 3.53 अरब डॉलर बढ़कर 90.30 अरब डॉलर हो गया।

इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.4 करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रह गए।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष में भारत की आरक्षित भंडार 20 लाख डॉलर बढ़कर 4.75 अरब डॉलर हो गया।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण