काठमांडू, नौ जुलाई (भाषा) नेपाल के काठमांडू में पासपोर्ट विभाग के कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार को 25 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्मदाह की इसलिए कोशिश की, क्योंकि पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल का पहिया लॉक कर दिया था।
सूत्रों ने बताया कि इस व्यक्ति की पहचान गणेश नेपाली के रूप में हुई है, जो अपनी आजीविका के लिए ‘राइड-शेयरिंग’ का काम करता है।
‘राइड-शेयरिंग’ एक परिवहन व्यवस्था है जहां लोग अपनी यात्रा और वाहन की खाली सीटों को अन्य यात्रियों के साथ साझा करते हैं।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस के साथ बहस के बाद, उसने अचानक अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला और खुद को आग लगा ली। पुलिस ने बीच-बचाव किया और आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, वह बुरी तरह झुलस गया।
काठमांडू मेट्रोपॉलिटन पुलिस के एक कर्मचारी के अनुसार, उन्हें बीर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर है क्योंकि वे लगभग 50 प्रतिशत जल गए हैं।
भाषा देवेंद्र शोभना
शोभना