विदेशी मुद्रा भंडार 2.17 अरब डॉलर घटकर 584.74 अरब डॉलर पर

Ads

विदेशी मुद्रा भंडार 2.17 अरब डॉलर घटकर 584.74 अरब डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - October 13, 2023 / 06:44 PM IST,
    Updated On - October 13, 2023 / 06:44 PM IST

मुंबई, 13 अक्टूबर (भाषा) देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 2.17 अरब डॉलर घटकर 584.74 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इससे पिछले सप्ताह देश का कुल मुद्रा भंडार 3.79 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 586.91 अरब डॉलर था।

अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन पिछले साल वैश्विक घटनाक्रम से पैदा हुए दबावों के बीच आरबीआई ने रुपये की विनिमय दर में गिरावट को रोकने के लिए इस पूंजी भंडार का उपयोग किया था जिससे विदेशी मुद्राभंडार में कमी आई।

रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, छह अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 70.7 करोड़ डॉलर घटकर 519.53 अरब डॉलर रही।

डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.42 अरब डॉलर घटकर 42.31 अरब डॉलर रहा।

आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 17.92 अरब डॉलर रहा।

आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 1.9 करोड़ डॉलर घटकर 4.98 अरब डॉलर रहा।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण