पणजी, 17 जुलाई (भाषा) गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खुंटे ने बुधवार को कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और अन्य समस्याओं के कारण अंतरराष्ट्रीय पर्यटन प्रभावित होने के बाद गोवा वैश्विक व्यापार मेलों में भागीदारी के जरिये नए और उभरते बाजारों का लाभ उठाने की कोशिश कर रहा है।
पर्यटन मंत्री खुंटे ने राज्य विधानसभा में कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान गोवा में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या केवल 33,000 थी, जो इस वर्ष (कैलेंडर वर्ष) में बढ़कर 4.5 लाख हो गई है।
गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई द्वारा विधानसभा में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के बाद राज्य में पर्यटन के बारे में धारणा बदल रही है।
मंत्री ने कहा, ‘‘ ब्रिटेन के बाजार की समस्याओं और रूस-यूक्रेन युद्ध ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है।’’
उन्होंने कहा कि (गाजा में) इज़राइल के सैन्य अभियान के कारण भी उस देश से पर्यटकों की संख्या में कमी आई है।
खुंटे ने कहा, ‘‘ हमें यह सुनिश्चित करना है कि हम दक्षिण-पूर्व एशिया, दक्षिण एशिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात और जर्मनी जैसे उभरते बाजारों का लाभ उठा सकें। ’’
मंत्री ने कहा कि राज्य पर्यटन विभाग ने डब्ल्यूटीएम (वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट) लंदन, आईटीबी, बर्लिन, आईआईटीएफ और अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम इन आयोजनों के जरिये स्वयं को विश्व के समक्ष प्रस्तुत कर रहे हैं, जहां उभरते बाजारों के खिलाड़ी भी आते हैं।’’
उन्होंने कहा कि पहले केवल गोवा ही इन आयोजनों में हिस्सा लेता था, लेकिन अब लद्दाख, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक जैसे राज्य भी अंतरराष्ट्रीय मेलों में भाग ले रहे हैं।
भाषा निहारिका अजय
अजय