बुलंदशहर, दो मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर झुलसाई गई 21 वर्षीय एक युवती की दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि 25 अप्रैल को थाना अहमदगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि कशिश नाम की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया था।
उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक आशीष और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) के अनुसार, प्रारंभिक जांच और प्राथमिकी में दर्ज तथ्यों से पता चला है कि आशीष और कशिश पिछले लगभग तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हुई थी।
पुलिस ने बताया कि जब कशिश को यह पता चला कि आशीष की शादी कहीं और तय हो गई है, तो वह उसके घर गई थी। आरोप है कि वहां आशीष और उसके परिजनों ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
एसपी ने बताया कि इलाज के दौरान देर रात युवती की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और शेष आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है और उनके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी कराए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम सहित पांच टीमें गठित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत