पणजी, 12 फरवरी (भाषा) विपक्षी पार्टियों ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि केंद्र सरकार दक्षिण गोवा के डाबोलिम में गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्ड को बंद करने की योजना बना रही है, लेकिन राज्य के एक मंत्री ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है।
परिवहन मंत्री, मौविन गोडिन्हो ने पीटीआई-भाषा को बताया कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की, जब उन्हें पता चला कि उत्तरी गोवा में मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा चलाने वाला जीएमआर ग्रुप डाबोलिम हवाई अड्डे को एक खास नौसेना केन्द्र में बदलने के लिए ‘गुटबंदी’ कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिंह ने भरोसा दिलाया कि दोनों हवाई अड्डे वाणिज्यिक वायु यातायात के लिए चालू रहेंगे।
डाबोलिम हवाई अड्डा, भारतीय नौसेना के प्रमुख एयर स्टेशन आईएनएस हंसा का हिस्सा है। इसके संभावित रूप से बंद होने की बात तब शुरू हुई जब गोडिन्हो और राज्यसभा सदस्य सदानंद तनावड़े ने इस सप्ताह की शुरुआत में दिल्ली में राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
इस तटीय राज्य को पर्यटकों की पसंदीदा जगह के तौर पर जाना जाता है, यहां दो हवाई अड्डे हैं- एक डाबोलिम में और दूसरा मोपा में मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा। गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई ने दावा किया कि रक्षा मंत्री ने गोडिन्हो को दिल्ली बुलाकर बताया कि डाबोलिम केन्द्र पूरी तरह से नौसेना को सौंप दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी मांग की कि हवाई अड्डे को बचाने में ‘विफल’ रहने के लिए गोडिन्हो मंत्री और विधायक के पद से इस्तीफा दें। उन्होंने ‘कार्निवल सेलिब्रेशन’ खत्म होने के बाद इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय