मार्च, 2028 तक 20,000 करोड़ रुपये का नकदी प्रवाह बनाएगी गोदरेज प्रॉपर्टीज: चेयरमैन
मार्च, 2028 तक 20,000 करोड़ रुपये का नकदी प्रवाह बनाएगी गोदरेज प्रॉपर्टीज: चेयरमैन
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड चालू और अगले वित्त वर्ष के दौरान 20,000 करोड़ रुपये से अधिक का परिचालन नकदी प्रवाह हासिल करेगी। इससे कंपनी को अपने कारोबार का विस्तार जारी रखने में मदद मिलेगी। कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन पिरोजशा गोदरेज ने यह बात कही है।
पिरोजशा ने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में बताया कि जून तिमाही में कंपनी का कारोबारी प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है, जिसमें बिक्री बुकिंग 22 प्रतिशत बढ़कर 8,651 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि बिक्री में लगातार आ रही यह बढ़त नकदी के प्रवाह और कंपनी की कमाई दोनों को लेकर एक मजबूत भरोसा दे रही है। उन्होंने बताया, ‘‘यह लगातार छठी तिमाही है, जब हमने 7,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री बुकिंग दर्ज की है।’’
पिरोजशा ने पूरा भरोसा जताया कि कंपनी अपने सभी तय लक्ष्यों – चाहे वह बिक्री बुकिंग हो, नयी परियोजनाओं की शुरुआत हो, ग्राहकों से पैसों की वसूली हो या फिर जमीन का अधिग्रहण हो – को हासिल करने या उससे आगे निकलने के सही रास्ते पर है।
कंपनी अगले वित्त वर्ष के लिए इक्विटी पर प्रतिफल (आरओई) के 20 प्रतिशत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में भी सही गति से बढ़ रही है।
पिरोजशा ने कहा, ‘‘जून तिमाही में कंपनी का परिचालन नकदी प्रवाह थोड़ा कमजोर रहा था, लेकिन अब इसमें तेजी से सुधार होने वाला है। इस तिमाही से लेकर वित्त वर्ष 2027-28 की चौथी तिमाही (मार्च 2028) तक यानी अगली सात तिमाहियों में हमें 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के परिचालन नकदी प्रवाह की उम्मीद है।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


