कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में मामूली गिरावट, सेंसेक्स 121 अंक टूटा

Ads

कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार में मामूली गिरावट, सेंसेक्स 121 अंक टूटा

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 04:38 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 04:38 PM IST

मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को कारोबार के दौरान करीब एक प्रतिशत तक गिरने के बाद संभल गए और मामूली नुकसान के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों में नरमी और एचडीएफसी बैंक एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में खरीदारी से बाजार को निचले स्तर से उबरने में मदद मिली।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 120.83 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 74,781.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 742.43 अंक यानी 0.99 प्रतिशत तक गिरकर 74,160.16 अंक पर आ गया था।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 23,398.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 246.4 अंक यानी 1.04 प्रतिशत तक गिरकर 23,231.40 अंक पर आ गया था।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, लार्सन एंड टुब्रो और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल और इन्फोसिस के शेयर चढ़कर बंद हुए।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.19 प्रतिशत गिरकर 104.2 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इसके पहले ब्रेंट क्रूड 108 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘यूरोपीय बाजारों में सकारात्मक शुरुआत के बाद चुनिंदा क्षेत्रों, खासकर आईटी में मूल्य-आधारित खरीदारी आने से बाजार दिन के निचले स्तर से उबर गया। हालांकि, बाजार में बढ़त वाले शेयरों की कमजोर संख्या बताती है कि व्यापक स्तर पर बाजार में अभी भी सुधार जारी है।’’

नायर ने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बाजार में उतार-चढ़ाव को बढ़ा सकती हैं। हालांकि, घरेलू अर्थव्यवस्था के मजबूत बुनियादी कारक और संस्थागत निवेशकों का समर्थन निचले स्तरों पर खरीदारी का मौका दे रहा है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट में बंद हुए।

यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 438.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 138.36 अंक की बढ़त के साथ 74,902.59 अंक और निफ्टी 46.30 अंक चढ़कर 23,477.80 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण