कमजोर मांग से सोने में 350 रुपये की गिरावट, चांदी 7,800 रुपये टूटी

Ads

कमजोर मांग से सोने में 350 रुपये की गिरावट, चांदी 7,800 रुपये टूटी

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 07:41 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत में लगातार चौथे दिन गिरावट देखी गई और यह 350 रुपये घटकर 1,48,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। रुपये की मजबूती और स्थानीय मांग में सुस्ती का असर इस कीमती धातु पर पड़ा।

99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना पिछले सत्र में 1,48,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी रही और यह बुधवार के 2,39,800 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद भाव से 7,800 रुपये घटकर 2,32,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई।

विदेशी बाजारों में बढ़त के बावजूद कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई। कारोबारियों ने इस कमजोरी का कारण डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती को बताया, जिससे आयातित सर्राफा की लागत कम हो गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 27.23 डॉलर यानी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,104.75 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि बुधवार को हुई भारी बिकवाली के बाद व्यापारियों द्वारा सर्राफा की खरीदारी से चांदी एक प्रतिशत से अधिक बढ़कर 58.96 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करने लगी।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर नए हमले खत्म होने की बात कहे जाने के बाद विदेशी कारोबार में हाजिर सोना बढ़कर 4,106 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करने लगा।’’

उन्होंने कहा कि बाजार के लोग अब फेडरल रिजर्व की ब्याज दर की दिशा के बारे में नई जानकारी के लिए अमेरिका में मौजूदा घरों की बिक्री के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जबकि स्थिर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल से पता चलता है कि निवेशक सतर्क बने हुए हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान तनाव के सीमित रहने की संभावना है क्योंकि पूर्ण युद्ध से दोनों पक्षों को नुकसान होगा।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

ताजा खबर