सोने, चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट

सोने, चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट

सोने, चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट
Modified Date: February 5, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: February 5, 2026 7:50 pm IST

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के रुख और डॉलर मजबूत होने के बीच वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को चांदी और सोने की कीमतों में दो दिन की तेजी खत्म हो गई और इनमें लगभग 10 प्रतिशत तक की तेज गिरावट देखी गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, मार्च डिलिवरी वाले चांदी की कीमत 26,850 रुपये या 10 प्रतिशत लुढ़ककर 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले सत्र में, चांदी 2,68,850 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

इसी तरह, अप्रैल अनुबंध वाला सोना 2,310 रुपये या 1.51 प्रतिशत लुढ़ककर 1,50,736 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि बुधवार को यह 1,53,046 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को सोने और चांदी की कीमतों में हाल की तेजी खत्म हो गई। एमसीएक्स सोना फिसल गया और सप्ताह की शुरुआत में तेजी के बाद 1.49 – 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा था। एमसीएक्स चांदी में भी भारी गिरावट आई, यह लगभग 8-10 प्रतिशत नीचे गिर गई, क्योंकि बिकवाली का दबाव तेज हो गया और अल्पावधिक मुनाफावसूली हावी रही।’’

उन्होंने कहा कि यह गिरावट इसलिए आई क्योंकि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और भू-राजनीतिक जोखिम प्रीमियम के कम होने से वैश्विक सुरक्षित-निवेश की मांग कम हो गई, जिससे व्यापारियों ने अपनी लंबे सौदों को खत्म कर दिया।

अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में भी चांदी और सोने के वायदा भाव में गिरावट आई।

कॉमेक्स में, मार्च डिलिवरी वाली चांदी की कीमत 8.85 डॉलर या 10.48 प्रतिशत टूटकर 75.55 डॉलर प्रति औंस रह गई। दिन के कारोबार के दौरान, यह 13 प्रतिशत से ज़्यादा टूटकर 73.38 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर पर पहुंच गई।

कॉमेक्स पर अप्रैल डिलिवरी वाला सोना भी विदेशी व्यापार में 80 डॉलर या 1.61 प्रतिशत गिरकर 4,870.9 डॉलर प्रति औंस रह गया। पिछले सत्र में, सोने ने फिर से 5,000 डॉलर का स्तर पार कर लिया था, जो लगभग दो हफ़्ते के उच्चतम स्तर 5,113.9 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था, जिसके बाद यह 4,950.8 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।