मुंबई, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) तीन सितंबर को 30,000 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी प्रतिभूतियों की पुनर्खरीद (बायबैक) करेगा।
आरबीआई ने शुक्रवार को जारी अधिसूचना में कहा कि प्रतिभूतियों की नीलामी तीन सितंबर को सुबह साढ़े 10 से साढ़े 11 बजे के बीच आरबीआई की कोर बैंकिंग प्रणाली (ई-कुबेर) के जरिये होगी।
अधिसूचना के अनुसार, सरकार 7.33 प्रतिशत जीएस (सरकारी प्रतिभूति) 2026, 5.74 प्रतिशत जीएस 2026, 8.15 प्रतिशत जीएस 2026 और 8.24 प्रतिशत जीएस 2027 जैसी प्रतिभूतियों की वापस खरीद करेगी।
केंद्रीय बैंक ने 30,000 करोड़ रुपये की कुल सीमा के भीतर किसी भी व्यक्तिगत प्रतिभूति के लिए अलग से राशि निर्धारित नहीं की है।
आरबीआई ने कहा कि प्रतिभूतियों की नीलामी बहु-मूल्य पद्धति से की जाएगी।
यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब बैंकिंग प्रणाली में नकदी की मात्रा काफी अधिक है। अतिरिक्त नकदी को निकालने के लिए केंद्रीय बैंक परिवर्तनीय दर वाली रिवर्स रेपो (वीआरआरआर) नीलामी कर रहा है।
आरबीआई ने अगस्त में अब तक बैंकिंग प्रणाली से अतिरिक्त नकदी निकालने और एक दिन की मुद्रा बाजार दरों को रेपो दर के करीब बनाए रखने के लिए 21 वीआरआरआर नीलामी की हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण