गोवा में पारंपरिक ‘बीच शैक’ बनाए रखने को सरकार प्रतिबद्ध: खाउंटे

Ads

गोवा में पारंपरिक ‘बीच शैक’ बनाए रखने को सरकार प्रतिबद्ध: खाउंटे

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 12:42 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 12:42 PM IST

पणजी, दो सितंबर (भाषा) गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खाउंटे ने कहा कि राज्य की पर्यटन पहचान का अहम हिस्सा रहे पारंपरिक ‘बीच शैक’ को बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विधानसभा के मानसून सत्र से इतर मंगलवार शाम पत्रकारों से खाउंटे ने कहा कि आगामी पर्यटन मौसम से पहले ‘बीच शैक’ संचालकों को जरूरी मंजूरी दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ये संचालक गोवा के पर्यटन तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

गोवा के ‘बीच शैक’ समुद्र तट पर बने बांस, लकड़ी और ताड़ के पत्तों से निर्मित अस्थायी एवं पर्यावरण के अनुकूल झोपड़ी जैसे ढांचे होते हैं। इनमें पर्यटकों को खाद्य व पेय पदार्थ और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

खाउंटे ने कहा, ‘‘हमने वास्तव में इतिहास रचा है और मैंने हमेशा कहा है कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पर्यटकों के लिए ‘शैक’ मौजूद रहें। हर साल पर्यटक ‘शैक’ का इंतजार करते थे लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से पर्यटन मौसम शुरू होने से पहले ही ‘शैक’ तैयार हो जाते हैं। हमने उन्हें पूरा समर्थन दिया है।’’

मंत्री ने कहा कि सरकार ‘शैक’ संचालकों को सहयोग दे रही है।

गौरतलब है कि ‘शैक’ संचालक जल्द लाइसेंस जारी करने की मांग कर रहे हैं ताकि वे अपना कारोबार शुरू कर सकें।

‘शैक ओनर्स वेलफेयर सोसाइटी’ के अध्यक्ष क्रूज कार्डोजो ने कहा कि संगठन ने खाउंटे से मुलाकात कर जल्द से जल्द लाइसेंस जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि पिछले साल की तरह सितंबर के पहले सप्ताह से काम शुरू किया जा सके।

भाषा निहारिका

निहारिका

निहारिका