एचडीएफसी एएमसी का पहली तिमाही मुनाफ़ा 12 प्रतिशत बढ़कर 837 करोड़ रुपये पर

Ads

एचडीएफसी एएमसी का पहली तिमाही मुनाफ़ा 12 प्रतिशत बढ़कर 837 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 09:30 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) ने जून, 2026 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 837.13 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा कमाया है। यह इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है। परिचालन राजस्व बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।

इस संपत्ति प्रबंधन कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 747.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 13.6 प्रतिशत बढ़कर 1,099.72 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 968.15 करोड़ रुपये थी।

तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च 215.48 करोड़ रुपये से बढ़कर 273.54 करोड़ रुपये हो गया। इसकी वजह यह है कि कर्मचारियों के लाभ पर होने वाला खर्च 109.23 करोड़ रुपये से बढ़कर 143.61 करोड़ रुपये हो गया।

एचडीएफसी एएमसी के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) 8.3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.35 लाख करोड़ रुपये हो गईं। 30 जून, 2026 को खत्म हुई अवधि के दौरान कंपनी ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए प्रति इक्विटी शेयर 54 रुपये के अंतिम लाभांश का भुगतान किया है। इसे पिछले महीने हुई सालाना आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों ने मंजूरी दी थी।

बीएसई में एचडीएफसी एएमसी का शेयर 2.42 प्रतिशत बढ़कर 2,722.7 प्रति पर बंद हुआ।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय