नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) पोषण क्षेत्र की कंपनी हेक्सागन न्यूट्रिशन ने अपने 139 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 42-45 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
कंपनी का आईपीओ पांच जून को खुलकर नौ जून को बंद होगा।
आईपीओ दस्तावेजों (आरएचपी) के अनुसार, एंकर निवेशक चार जून को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।
मुंबई स्थित इस कंपनी का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह से प्रवर्तकों द्वारा 3.08 करोड़ से अधिक शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) है।
इसके चलते कंपनी को आईपीओ से कोई आय नहीं मिलेगी और जुटाई गई पूरी राशि बेचने वाले शेयरधारकों के पास जाएगी।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर आईपीओ का आकार 138.87 करोड़ रुपये बैठता है।
हेक्साग न्यूट्रिशन की स्थापना 1993 में हुई थी। कंपनी ने सूक्ष्म पोषक तत्वों के क्षेत्र में परिचालन शुरू किया तथा बाद में ब्रांडेड पोषण उत्पादों के क्षेत्र में विस्तार किया।
हेक्सागन न्यूट्रिशन की वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कुल आय 331.28 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 24.38 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे। शेयरों की सूचीबद्धता संभवत: 12 जून को होगी।
भाषा यासिर अजय
अजय