हिमानी बेस्ट चॉइस ने खाद्य खंड में कदम रखा, 15,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य

Ads

हिमानी बेस्ट चॉइस ने खाद्य खंड में कदम रखा, 15,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 08:10 PM IST

कोलकाता, 22 सितंबर (भाषा) इमामी एग्रोटेक लिमिटेड के खाद्य तेल ब्रांड ‘हिमानी बेस्ट चॉइस’ (एचबीसी) ने अगले तीन से पांच साल में 15,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है। कंपनी अपने मुख्य कारोबार से आगे बढ़कर खाद्य खंड में विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि इमामी ग्रुप की खाद्य और कृषि-व्यवसाय इकाई इमामी एग्रोटेक के खाद्य तेल ब्रांड ने 10,000 करोड़ रुपये के राजस्व का आंकड़ा पार कर लिया है, जो कंपनी के कुल 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व का आधा हिस्सा है। विकास के अगले चरण के लिए इसने पैकेजिंग डिज़ाइन और पोर्टफोलियो विस्तार को शामिल करते हुए ‘रीब्रांडिंग’ की प्रक्रिया शुरू की है।

इमामी ग्रुप के निदेशक, विभाष वी. अग्रवाल ने कहा, ‘‘विस्तार के तहत, एचबीसी खाद्य श्रेणी में अपने ब्रांड का विस्तार कर रहा है। इसमें मुख्य रूप से संस्थागत खपत (जैसे कैंटीन, होटल आदि) को ध्यान में रखते हुए 30 और 50 किलोग्राम के बड़े पैक में आटा और बेसन जैसे उत्पाद शामिल हैं। कंपनी भविष्य में और भी खाद्य श्रेणी जोड़ने की योजना बना रही है।’’

समूह ने हाल ही में ‘इमामी हेल्दी एंड टेस्टी’ ब्रांड के तहत खाद्य तेल के कारोबार में सफलता के बाद खुदरा खाद्य व्यवसाय में भी कदम रखा था।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय