नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी नोवेलिस इंक को वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में 8.4 करोड़ डॉलर का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ।
टिकाऊ एल्युमीनियम समाधानों की अग्रणी कंपनी नोवेलिस इंक के अमेरिका में स्थित ओस्वेगो संयंत्र में आग लगने की घटनाओं से यह घाटा उठाना पड़ा है।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि ओस्वेगो संयंत्र में सितंबर और नवंबर में आग लगने के कारण कंपनी को 8.4 करोड़ डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में 29.4 करोड़ डॉलर का लाभ दर्ज किया गया था।
बयान के अनुसार, ‘‘ओस्वेगो में आग के कारण हुए 63 करोड़ डॉलर के शुद्ध नुकसान की वजह से कंपनी को यह घाटा हुआ है।’’
हालांकि मार्च तिमाही में कंपनी की एकीकृत शुद्ध बिक्री बढ़कर 478.7 करोड़ डॉलर हो गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 458.7 करोड़ डॉलर थी।
नोवेलिस इंक के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्टीव फिशर ने कहा, ‘‘हम अपने निष्पादन पर पूरी तरह केंद्रित हैं। अपने ग्राहकों को सेवा देना, बे मिनेट में अत्याधुनिक एल्युमीनियम संयंत्र को चालू करना और ओस्वेगो संयंत्र को अगले कुछ हफ्तों में सुरक्षित रूप से फिर से शुरू करना हमारी प्राथमिकता है।’’
भाषा निहारिका अजय प्रेम
प्रेम