मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) के बीमा उत्पादों की बिक्री से मिलने वाला कमीशन में वित्त वर्ष 2025-26 में अच्छी वृद्धि देखने को मिली है।
अधिकतर बैंकों ने इस कारोबार से प्राप्त आय में वृद्धि दर्ज की। हालांकि, म्यूचुअल फंड वितरण से होने वाली आय का रुख मिला-जुला रहा। कुछ बैंकों की इस मद से आय बढ़ी, जबकि कुछ में गिरावट दर्ज की गई।
‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा बैंकों की वार्षिक रिपोर्ट के विश्लेषण से पता चला कि देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने इस क्षेत्र में अपना दबदबा बनाए रखा। वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का बीमा कमीशन 19.26 प्रतिशत बढ़कर 2,795.01 करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2024-25 में 2,345.36 करोड़ रुपये था।
एसबीआई का म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन 7.05 प्रतिशत बढ़कर 1,617.52 करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2024-25 में 1,511.06 करोड़ रुपये था।
एसबीआई की बीमा कमीशन से हुई कुल 2,795.01 करोड़ रुपये की आय में से 2,384.63 करोड़ रुपये (करीब 85 प्रतिशत) उसकी जीवन बीमा अनुषंगी एसबीआई लाइफ की पॉलिसियों के वितरण से प्राप्त हुई।
इसी तरह, 22,000 से अधिक शाखाओं वाले देश के सबसे बड़े बैंक की म्यूचुअल फंड वितरण से कुल आय में लगभग तीन-चौथाई यानी 1,209.33 करोड़ रुपये का योगदान एसबीआई म्यूचुअल फंड का रहा।
बीमा एवं म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन में यह वृद्धि ऐसे समय हुई है, जब वित्त मंत्रालय ने बैंकों को गलत तरीके से उत्पाद बेचने के प्रति आगाह किया है और उन्हें अपनी मूल बैंकिंग गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है।
विश्लेषण के अनुसार, बैंकों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) जैसी सरकारी बीमा योजनाओं का भी वितरण किया।
अन्य बड़े सरकारी बैंकों में केनरा बैंक का प्रदर्शन भी काफी मजबूत रहा। उसका बीमा कमीशन 15.67 प्रतिशत बढ़कर 566.36 करोड़ रुपये हो गया जो एक वर्ष पहले 489.64 करोड़ रुपये था। म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन 8.41 प्रतिशत बढ़कर 72.84 करोड़ रुपये हो गया।
बैंक ऑफ बड़ौदा का बीमा कमीशन 3.76 प्रतिशत बढ़कर 368.93 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन 0.82 प्रतिशत घटकर 142.52 करोड़ रुपये रह गया।
दूसरी ओर, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की दोनों श्रेणियों से आय में गिरावट दर्ज की गई। पीएनबी का बीमा कमीशन 8.61 प्रतिशत घटकर 438.67 करोड़ रुपये रह गया जबकि म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन 13.14 प्रतिशत घटकर 163.41 करोड़ रुपये रहा।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का बीमा कमीशन 10.77 प्रतिशत घटकर 475.45 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन आय 7.93 प्रतिशत बढ़कर 29.66 करोड़ रुपये हो गई।
मध्यम आकार के सरकारी बैंकों में इंडियन बैंक का बीमा कमीशन 8.21 प्रतिशत बढ़कर 190.65 करोड़ रुपये हो गया। म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन 7.73 प्रतिशत बढ़कर 4.74 करोड़ रुपये रहा।
यूको बैंक का बीमा कमीशन 6.53 प्रतिशत बढ़कर 66.08 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, म्यूचुअल फंड वितरण से कमीशन 42.04 प्रतिशत की तेज वृद्धि के साथ 2.23 करोड़ रुपये रहा।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का बीमा कमीशन वित्त वर्ष 2025-26 में 13.57 प्रतिशत बढ़कर 160.90 करोड़ रुपये रहा।
छोटे सरकारी बैंकों में पंजाब एंड सिंध बैंक ने बेहतर प्रदर्शन किया और उसका बीमा कमीशन 17.92 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 31.98 करोड़ रुपये रहा।
भाषा निहारिका अजय
अजय