हिंदुस्तान नेशनल ग्लास बहादुरगढ़ कारखाने की उत्पादन क्षमता बढ़ाने को 280 करोड़ रुपये निवेश करेगी
हिंदुस्तान नेशनल ग्लास बहादुरगढ़ कारखाने की उत्पादन क्षमता बढ़ाने को 280 करोड़ रुपये निवेश करेगी
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) हिंदुस्तान नेशनल ग्लास एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एचएनजीआई) हरियाणा में अपने बहादुरगढ़ कारखाने का विस्तार करने के लिए 280 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि वह अगले 60 से 90 दिन में कारखाने की उत्पादन क्षमता को 300 टन प्रति दिन से बढ़ाकर 600 टन प्रति दिन कर रही है।
इस निवेश में अगले तीन वर्षों में 180 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय (पूंजीगत खर्च) और 100 करोड़ रुपये का परिचालन व्यय शामिल है।
एचएनजीआईएल के चेयरमैन एस माधवानी ने कहा, ‘‘बहादुरगढ़ में 280 करोड़ रुपये का निवेश करने और 60 से 90 दिन के भीतर कारखाने की क्षमता को दोगुना करने का हमारा फैसला, विनिर्माण गंतव्य के तौर पर हरियाणा में हमारे भरोसे और नौकरियां सृजित करने तथा राज्य की आर्थिक वृद्धि में सहयोग करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
बयान में कहा गया है कि लगभग 50 एकड़ में फैला बहादुरगढ़ कारखाना उत्तर भारत में एचएनजीआईएल के प्रमुख विनिर्माण स्थलों में से एक है। कंपनी के पूरे भारत में कुल सात कारखाने हैं, जो कोलकाता के समीप रिशरा, ऋषिकेश (उत्तराखंड) नीमराना (राजस्थान), नायडूपेटा (आंध्र प्रदेश), नासिक (महाराष्ट्र) और पुडुचेरी में स्थित हैं।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


