खेती में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने के लिए 900 संस्थानों को जोड़ेगा आईसीएआर

Ads

खेती में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने के लिए 900 संस्थानों को जोड़ेगा आईसीएआर

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 02:42 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 02:42 PM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) कृषि अनुसंधान निकाय आईसीएआर ने रविवार को कहा कि वह खेती में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने के लिए 900 से अधिक संस्थानों को जोड़ने वाला एक राष्ट्रीय ‘जेंडर प्लेटफॉर्म’ विकसित कर रहा है।

यह घोषणा ऐसे समय में की गई जब एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कृषि खाद्य प्रणालियों में महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए एक वैश्विक गठबंधन का प्रस्ताव अपनाया गया है।

‘कृषि खाद्य प्रणालियों में महिलाएं’ (जीसीडब्ल्यूएएस-2026) विषय पर आयोजित वैश्विक सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक एम एल जाट ने बताया कि यह मंच आईसीएआर संस्थानों, कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्वविद्यालयों को जोड़ेगा। इसका मकसद कृषि में महिलाओं पर केंद्रित अनुसंधान, विस्तार और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दिल्ली में आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 18 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का समापन ‘दिल्ली घोषणापत्र’ को अपनाने के साथ हुआ, जिसमें कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं पर केंद्रित एक वैश्विक गठबंधन स्थापित करने का आह्वान किया गया है।

घोषणापत्र के जरिये हितधारकों ने लैंगिक रूप से उत्तरदायी नीतियों को बढ़ावा देने, महिलाओं की भूमि, वित्त, प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचार तक पहुंच सुनिश्चित करने और महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता जताई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 मार्च को इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय