आईएफसीआई ने शुरू किया ‘ईएसजी प्राकृत’ मंच
आईएफसीआई ने शुरू किया 'ईएसजी प्राकृत' मंच
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के वित्तीय संस्थान आईएफसीआई ने समग्र ईएसजी प्रौद्योगिकी मंच ‘ईएसजी प्राकृत’ की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य बैंकों, वित्तीय संस्थानों और कंपनियों को ईएसजी आकलन, रिपोर्टिंग और परामर्श सेवाएं प्रदान करना है।
संस्थान ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि यह मंच संस्थाओं को टिकाऊपन के मोर्चे पर प्रदर्शन सुधारने और जलवायु जोखिम से निपटने की तैयारी मजबूत करने में मदद करेगा।
इस मंच के उद्घाटन कार्यक्रम में वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान संयुक्त सचिव मनोज एम अय्यप्पन और आईएफसीआई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी राहुल भावे भी मौजूद थे।
नागराजू ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा आर्थिक परिदृश्य में स्थिरता और जलवायु जोखिम एक महत्वपूर्ण प्रणालीगत जोखिम बनकर उभरे हैं, जिनका प्रभावी प्रबंधन जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ‘ईएसजी प्राकृत’ की शुरुआत समय के अनुरूप पहल है, जो बैंकों और कंपनियों को ईएसजी अनुपालन, सस्टेनेबिलिटी रिपोर्टिंग और जलवायु-अनुकूल विकास को मजबूत करने में मदद करेगी। यह पहल ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


