आइकिया की 2030 तक भारत में अपना निवेश बढ़ाकर दोगुना करने की योजना

Ads

आइकिया की 2030 तक भारत में अपना निवेश बढ़ाकर दोगुना करने की योजना

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 09:17 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) स्वीडन की फर्नीचर रिटेलर आइकिया ने वर्ष 2030 तक भारत में अपने निवेश को दोगुना से ज्यादा कर 21,000 करोड़ रुपये से अधिक करने की योजना बनाई है। कंपनी यह निवेश स्टोर विस्तार में तेजी लाने, स्थानीय खरीद को मजबूत करने और 8,000 करोड़ रुपये के कारोबार तक पहुंचने के लिए ओमनी-चैनल (भौतिक और डिजिटल टचपॉइंट का एकीकरण) उपस्थिति को गहरा करने की कोशिश में है। कंपनी के भारत के कारोबार प्रमुख पैट्रिक एंटनी ने यह जानकारी दी।

आइकिया इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कंपनी को एकल-ब्रांड खुदरा परिचालन के लिए मंजूरी मिलने के बाद उसने 2013 में भारत में 10,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई थी।

एंटनी ने कहा, ‘‘हमने अधिकारियों से प्रतिबद्धता जताई है कि हम 10,500 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। यह राशि पहले से ही भारत के लिए प्रतिबद्ध है, और हम देखते हैं कि शायद आगे चलकर उस निवेश को दोगुना कर देंगे। वर्ष 2030 तक, हम संभवत: इसे कम से कम दोगुना कर लेंगे।’’

कारोबारी प्रदर्शन के बारे में एंटनी ने कहा कि आइकिया इंडिया का लक्ष्य भी अगले कुछ वर्षों में मुनाफा कमाने का है। इसके अलावा, कंपनी, जो ‘स्वस्थ दोहरे अंक की दर से बढ़ रही है’ का लक्ष्य वर्ष 2030 तक अपने कारोबार को चौगुना करने का भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारा कारोबार लगभग 2,000 करोड़ रुपये का है। हमारा मानना है कि हम वर्ष 2030 तक इसे चार गुना कर सकते हैं। इस मामले में 8,000 करोड़ रुपये का लक्ष्य है।’’

मौजूदा समय में, एकल-ब्रांड खुदरा व्यापार में स्वत: मंजूर मार्ग के माध्यम से 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति है।

अपनी विकास रणनीति के हिस्से के रूप में, कंपनी का लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में अपने स्टोर नेटवर्क का उल्लेखनीय रूप से विस्तार करना है।

एंटनी ने कहा, ‘‘हमारी तीन-चार साल में वास्तव में 25 अन्य स्टोर बनाने की योजना है। 2030 तक, हमारे पास लगभग 30 स्टोर होंगे।’’

कंपनी, जिसने अगस्त 2018 में हैदराबाद में अपना पहला स्टोर खोलकर भारत में अपने खुदरा परिचालन की शुरुआत की थी, वर्तमान में हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई में बड़े प्रारूप वाले स्टोर संचालित करती है, जबकि नोएडा और गुरुग्राम में मिश्रित-उपयोग परियोजनाएं भी विकसित कर रही है।

इसके अलावा, यह ई-कॉमर्स मार्ग के माध्यम से 80 से अधिक बाजारों में भी मौजूद है।

आइकिया भी अपने कार्यबल में बड़े विस्तार की तैयारी कर रहा है, दशक के अंत तक कर्मचारियों की संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है।

एंटनी ने कहा, ‘‘फिलहाल हमारे पास लगभग 2,500 कर्मचारी हैं। लेकिन हम वर्ष 2030 तक इसे दोगुना करने पर विचार कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि अन्य 2,500 सहयोगी आएंगे।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय